फर्रुखाबाद में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अंदरूनी गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। पार्टी की जिला इकाई ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपने ही पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कुमार को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। संजीव कुमार पर संगठनात्मक अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगे थे, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई। पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से अगले 6 महीनों के लिए प्राथमिक सदस्यता और सभी संगठनात्मक जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुक्त कर दिया है।

भाजपा की तारीफ और कार्यकर्ताओं में फूट डालने का आरोप
इस पूरे सियासी बवाल के पीछे की वजह बेहद चौंकाने वाली है। मौजूदा जिला अध्यक्ष पंकज कुमार द्वारा जारी किए गए लेटर में साफ कहा गया है कि संजीव कुमार लगातार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सार्वजनिक रूप से तारीफ कर रहे थे। इसके साथ ही उन पर पार्टी के वफादार कार्यकर्ताओं के बीच गुटबाजी और आपसी कलह को बढ़ावा देने के भी गंभीर आरोप हैं। संगठन ने इन गतिविधियों को पार्टी के हितों और मर्यादा के खिलाफ माना है।
पार्टी कार्यक्रमों और बैठकों में एंट्री पर पूरी तरह बैन
पार्टी के कड़े फैसले के मुताबिक, अब संजीव कुमार अगले 6 महीनों तक आजाद समाज पार्टी के किसी भी कार्यक्रम, बैठक या रैली में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इतना ही नहीं, वे किसी भी मंच पर पार्टी का चेहरा बनकर बात भी नहीं रख पाएंगे। जिला अध्यक्ष पंकज कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि संगठन में अनुशासन ही सबसे ऊपर है। पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



















