फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब कपड़े बदलने की मामूली बात पर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। गांव भगौतीपुर निवासी अर्चना गौतम दोपहर करीब 2 बजे बिछिया मंडी स्थित प्रदीप सक्सेना की रेडीमेड कपड़े की दुकान पर अपनी 6 साल की भतीजी के लिए कपड़े खरीदने आई थीं। घर जाकर जब कपड़े छोटे निकले, तो वह शाम करीब साढ़े चार बजे उन्हें बदलने दोबारा दुकान पर पहुंचीं। यहीं से विवाद की शुरुआत हुई, जिसने बाद में कानूनी रूप ले लिया।
गांव का नाम सुनते ही आपा खो बैठे विहिप नेता
पीड़िता अर्चना गौतम का आरोप है कि जब उन्होंने कपड़े बदलने की बात कही, तो दुकान पर मौजूद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सह जिला गौरक्षा प्रमुख प्रदीप सक्सेना और उनके बेटे जय सक्सेना भड़क गए। आरोपियों ने पहले महिला से उसके गांव का नाम पूछा। जैसे ही अर्चना ने ‘भगौतीपुर’ बताया, दोनों आरोपी आगबबूला हो गए। आरोप है कि उन्होंने महिला के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और कपड़े बदलने से साफ इंकार कर दिया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी पिता हिरासत में
महिला की तहरीर पर कायमगंज पुलिस ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रदीप सक्सेना को हिरासत में ले लिया गया है और शांति भंग की धारा में उनका चालान किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।



















