फर्रुखाबाद : कायमगंज में बाइक से गिरकर महिला की मौत, रोड पर गड्ढे के कारण हुआ हादसा – बेटे के साथ दवा लेने जा रही थी

शनिवार को जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र में सड़क पर बने एक गहरे और जानलेवा गड्ढे के कारण हुए हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान जनपद कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव राजा रिझौला निवासी राकेश कश्यप की 40 वर्षीय पत्नी उषा देवी के रूप में हुई है। बता दें कि उषा देवी अपने बेटे अखिलेश के साथ बाइक पर बैठकर दवा लेने जा रही थीं।

कायमगंज
मृतक उषा देवी का फाइल फोटो

झटके से उछली बाइक और मुंह के बल सड़क पर गिरीं मां

बेटे अखिलेश ने रोते हुए बताया कि वह पेट दर्द से बुरी तरह परेशान था और अपनी मां के साथ अल्ट्रासाउंड व इलाज कराने के लिए कायमगंज जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक कंपिल क्षेत्र में पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में अचानक बाइक का पहिया चला गया। रफ्तार में होने के कारण बाइक जोरदार तरीके से उछल गई, जिससे पीछे बैठीं मां उषा देवी अपना संतुलन खो बैठीं और सड़क पर मुंह के बल गिरकर गंभीर रूप घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर गिरते ही महिला के नाक और चेहरे पर इतनी गंभीर चोटें आईं कि अत्यधिक खून बहने लगा।

कायमगंज
कायमगंज

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तोड़ा दम, मां का शव देख बिलख उठा बेटा

हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मदद के लिए दौड़े। कंपिल थाना पुलिस ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कंपिल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मां की मौत की खबर मिलते ही बेटा अखिलेश फूट-फूटकर रोने लगा। उसने रोते हुए कहा कि घर में उसकी चार छोटी बहनें हैं और अब उन सबके सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठा गया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दुखी परिजन शव को अपने साथ घर ले गए। इस हादसे ने एक बार फिर पीडब्ल्यूडी और प्रशासन के गड्ढा-मुक्त दावों की पोल खोलकर रख दी है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें