शुक्रवार को फर्रुखाबाद के डिग्गी ताल मोहल्ले में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर बड़ा हादसा हो गया। दुकान के मालिक मोहम्मद नाजिम अपने एक साथी अताउल्लाह के साथ मिलकर एसी कंप्रेसर में नाइट्रोजन गैस डालकर उसकी जांच कर रहे थे। इसी चेकिंग के दौरान अचानक कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग डरकर अपने घरों से बाहर भाग आए।

दुकानदार की गर्दन कटी, खून से लथपथ हालत में कानपुर रेफर
इस भयानक हादसे में दुकान मालिक मोहम्मद नाजिम बेहद गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। कंप्रेसर के परखच्चे उड़ने से नाजिम की गर्दन के पास एक बहुत गहरा घाव हो गया, जिससे लगातार खून बहने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाजिम लहूलुहान हालत में दुकान से बाहर आए। उन्हें तुरंत पास के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन प्राथमिक इलाज के बाद भी खून का बहना बंद नहीं हुआ। हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत कानपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दूसरे युवक की आंखों में गई गैस, पुतलियां झुलसीं
हादसे के वक्त दुकान पर मौजूद मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के बाबरपुर निवासी अताउल्लाह भी इस ब्लास्ट की चपेट में आ गए। कंप्रेसर फटने से निकली गैस और कचरा सीधे अताउल्लाह की आंखों में जा गिरा, जिससे उनकी दोनों आंखों की काली पुतलियां झुलस गईं। इसके अलावा उनकी नाक पर तीन और पेट पर दो टांके आए हैं। डॉक्टरों को उनकी आँखें साफ करने में करीब एक घंटा लगा। डॉक्टरों का कहना है कि अताउल्लाह की आंखों की रोशनी बच तो जाएगी, लेकिन इसे पूरी तरह ठीक होने में काफी समय लगेगा। फिलहाल उनका इलाज जारी है।



















