जनपद फर्रुखाबाद से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला खनन अधिकारी संजय प्रताप और उनके एक साथी को रंगे हाथों दबोच लिया। मामला मिट्टी खनन की परमिशन देने से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि गांव हरसिंहपुर गोवा के एक निवासी ने मिट्टी की परमिशन के लिए आवेदन किया था, लेकिन बिना रिश्वत के काम होना कहां मुमकिन था।
कानपुर की विजिलेंस टीम ने ऐसे बिछाया जाल
भ्रष्ट अफसरों को सबक सिखाने के लिए कानपुर से आई विजिलेंस टीम ने फर्रुखाबाद में पूरा जाल बिछाया था। शिकायतकर्ता से खनन अधिकारी संजय प्रताप ने परमिशन के एवज में 24,000 रुपए की घूस मांगी थी। शुक्रवार को जैसे ही रिश्वत की यह रकम खनन अधिकारी के आवास पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को सौंपी गई, वैसे ही विजिलेंस टीम ने चौंकते हुए एक्शन लिया। टीम ने पैसे पहुंचते ही दोनों को मौके से धर दबोचा।

फतेहगढ़ कोतवाली में पूछताछ, 3 साल से जमे थे साहब
अचानक हुई इस छापेमारी और गिरफ्तारी से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस की टीम दोनों आरोपियों को तुरंत पकड़कर फतेहगढ़ कोतवाली लेकर आई है, जहां उनसे बंद कमरे में गहन पूछताछ की जा रही है। आपको बता दें कि आरोपी खनन अधिकारी संजय प्रताप पिछले लगभग तीन वर्षों से इसी जिले में तैनात थे। अब विजिलेंस उनके पुराने कारनामों की भी कुंडली खंगालने में जुट गई है।



















