सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी मंदिर का छठा वार्षिक उत्सव बेहद भव्य और यादगार तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला, क्राइम इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह व जितेंद्र रस्तोगी ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद शुरू हुआ भक्ति का ऐसा सिलसिला कि पूरा माहौल ‘बजरंग बली’ के जयकारों से गूंज उठा। संगीतमय सुंदरकांड पाठ और दिल छू लेने वाले भजनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

सुरों की महफिल में मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु, देर रात तक जमी रही महफिल
भजन संध्या का जादू भक्तों के सिर चढ़कर बोला। एक से बढ़कर एक शानदार भजनों को सुनकर वहां मौजूद हर एक श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गया और लोग खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। इस सुरमई शाम का आनंद लेने के लिए भारी संख्या में लोग जुटे और देर रात तक मंदिर परिसर में डटे रहे। महाआरती के बाद सैकड़ों भक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ बाबा का विशेष प्रसाद ग्रहण किया और संकटमोचन हनुमान जी महाराज के जयकारे लगाए।

छह साल पुराना है इतिहास, दक्षिणमुखी हनुमान जी बदलते हैं सबकी किस्मत
आपको बता दें कि आज से ठीक छह साल पहले कायमगंज कोतवाली में तैनात रहे तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक डॉ. विनय राय के प्रयासों से इस भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया था। तभी से यह मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का एक बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां स्थापित दक्षिणमुखी हनुमान जी महाराज के दरबार में हर रोज सैकड़ों भक्त अपनी मन्नतें लेकर माथा टेकने आते हैं। खासकर मंगलवार और शनिवार के दिन तो यहां पैर रखने तक की जगह नहीं होती और भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
सेवा भाव में जुटे सेवादार, वार्षिकोत्सव में उमड़ी दिग्गजों की भीड़
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी और महंत व प्रबंधक संगम शाक्य की टीम का विशेष योगदान रहा, जो लंबे समय से बिना किसी स्वार्थ के मंदिर और समाज की सेवा में जुटे हैं। इस मौके पर ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैया लाल, कोषाध्यक्ष अशोक गंगवार, उपाध्यक्ष दीपक शाक्य व कमलेश भारद्वाज, मनोज कौशल, शौर्य भारद्वाज, राम जी, मोहित दुबे, डॉ. विशाल, डॉ. गौरव गंगवार, विपिन कोहली, राज, सत्यम, अर्पित, नितिन मिश्रा सहित कमेटी के तमाम सदस्य और कोतवाली स्टाफ मौजूद रहा।



















