फर्रुखाबाद : केदारनाथ यात्रा के दौरान घोड़े से गिरकर कम्पिल के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम – मासूम के सिर से उठा पिता का साया

उत्तराखंड में बाबा केदारनाथ धाम की यात्रा पर गए जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र निवासी 28 वर्षीय प्रिंस शुक्ला की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुखद घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई, जब प्रिंस बाबा केदारनाथ के दर्शन करने के बाद वापस सोनप्रयाग की ओर लौट रहे थे। पैदल मार्ग पर चढ़ाई या थकान की वजह से वह घोड़े पर सवार थे, तभी अचानक घोड़े से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरी पहाड़ी खाई में जा गिरे।

उत्तराखंड
उत्तराखंड

रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद प्रिंस को खाई से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और प्रिंस की सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं। इस दुखद हादसे की खबर जैसे ही कंपिल के मोहल्ला मांझगांव में रहने वाले उनके पिता नरेंद्र शुक्ला और परिवार के अन्य सदस्यों को मिली, घर में कोहराम मच गया।

कम्पिल
मृतक प्रिंस शुक्ला का फाइल फोटो

एक साल के मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया

परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रिंस शुक्ला की शादी लगभग तीन साल पहले हुई थी। उनका एक साल का एक बेहद मासूम बेटा है, प्रिंस चार बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़े था। वह बीते शुक्रवार को ही अपने ससुराल के लोगों और दोस्तों सहित करीब एक दर्जन साथियों के साथ बाइक से केदारनाथ धाम की पवित्र यात्रा के लिए निकले थे।

उत्तराखंड
उत्तराखंड

कुछ घंटे पहले फोन पर हुई बात बनी आखिरी याद

परिजनों को अभी भी इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा है कि जिससे कुछ घंटे पहले ही फोन पर हंसते हुए बात हुई थी, वह अब इस दुनिया में नहीं है। प्रिंस की मौत की खबर सुनते ही मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी सुध-बुध खोकर बेसुध पड़ी है। हादसे के बाद से प्रिंस के साथ यात्रा पर गए उनके साथी भी गहरे सदमे में हैं। पूरे क्षेत्र के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें