फर्रुखाबाद : कायमगंज तहसील के बाहर जमीन विवाद में भिड़े वकील और खरीदार, जमकर चले लात-घूंसे

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज तहसील परिसर के बाहर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन के एक पुराने विवाद को लेकर वकील और खरीदार पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि बीच सड़क पर ही लात-घूंसे चलने लगे। इस अचानक हुई मारपीट से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीर सहम गए। हंगामा बढ़ता देख किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

चैंबर में वीडियो बनाने पर भड़का गुस्सा

पीड़ित अधिवक्ता का आरोप है कि उन्हें बातचीत के बहाने एक वकील के चैंबर में बुलाया गया था। वहां पहुंचते ही दूसरे पक्ष के लोग मोबाइल से उनका वीडियो बनाने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो कहासुनी शुरू हो गई और दूसरे पक्ष ने उनके साथ हाथापाई कर दी। वहीं, खरीदार पक्ष का कहना है कि उन्होंने वकील की भाभी से जमीन का बैनामा कराया था, लेकिन उन्हें निर्माण कार्य नहीं करने दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में वे कोर्ट में केस दायर करने आए थे, जहां उन पर हमला किया गया।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच शुरू

वारदात की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मारपीट के बाद दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे हैं। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि जमीन विवाद में दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई है। फिलहाल मामले की पूरी गहनता से जांच की जा रही है और तहरीर मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें