गुरुवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला खारबंदी में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा सुबह लगभग 3:00 बजे हुआ।
धमाके की आवाज सुन दौड़े पड़ोसी,अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
भोर के सन्नाटे में अचानक जोर से गिरने की आवाज सुनकर मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में सड़क पर खून से लथपथ पड़ी महिला को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लघुशंका के लिए जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला सुबह करीब 3 बजे लघुशंका (टॉयलेट) के लिए नींद से जागकर छत पर गई थी। अंधेरा होने या नींद की झपकी के कारण अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरीं।
किराए के मकान में अकेली रह रही थी
मृतका की पहचान जनपद इटावा के जसवंत नगर थाना क्षेत्र के गांव सिसहाट निवासी दिलीप कुमार यादव की पत्नी निर्मला देवी के रूप में हुई है। मृतका पिछले 4 वर्षों से फर्रुखाबाद के खारबंदी में किराए का मकान लेकर रह रही थीं। मृतका का पति पिछले 17 वर्षों से जनपद में रहकर ही प्राइवेट नौकरी कराता है। जबकि बेटा मुकुल यादव कानपुर में कार्यरत है। मां की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हदासे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह एक हादसा लग रहा है, लेकिन हर एंगल से मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत की सही वजह स्पष्ट हो सके।


















