फर्रुखाबाद : ई-रिक्शा ने मारी बाइक में टक्कर, हादसे में पूर्व फौजी की दर्दनाक मौत – परिवार में मचा कोहराम

सोमवार की देर शाम जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत हो गई हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 70 वर्षीय पूर्व फौजी रामसिंह के रूप में हुई। बता दें कि रामसिंह अपनी बाइक से दवा लेने के लिए नवाबगंज जा रहे थे।

सौना जानकीपुर के पास हुआ हादसा

हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव सौना जानकीपुर के पास हुआ। वहां मौजूद लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि रामसिंह अपनी बाइक से नगला बारग के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामसिंह बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

निजी डॉक्टर से फर्रुखाबाद रेफर, रास्ते में ही थम गईं सांसें

हादसे को देख आसपास राहगीरों व ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रामसिंह को नवाबगंज के एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद पूर्व फौजी को गंभीर हालत में फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, फर्रुखाबाद अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पूर्व फौजी की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन शव को लेकर थाने पहुंचे। नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने ई-रिक्शा और हादसे के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें