जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव चाचूपुर-जटपुरा निवासी बालाराम राजपूत का 25 वर्षीय पुत्र बृजेश राजपूत शुक्रवार की रात घर से शराब पीने निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसका शव शराब ठेके से महज 150 मीटर दूरी पर स्थित एक नाले में सिर के बल पड़ा मिला। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि बृजेश की मौत जहरीली शराब पीने या ठेके के कर्मचारियों की मिलीभगत से हुई है।

गुस्साए ग्रामीणों ने ठेके पर बोला धावा, किया रोड जाम
युवक का शव मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। करीब 100 से ज्यादा ग्रामीणों ने शव को शराब ठेके के सामने रखकर इटावा-बरेली हाईवे से जुड़ी लिंक रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी शराब ठेके को बंद कराने की मांग कर रहे थे। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने शराब ठेके में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। अपनी जान बचाने के लिए ठेके के सेल्समैन को शटर गिराकर भागना पड़ा।
पुलिस पर अंधाधुंध पथराव : दो दरोगा और पत्रकार लहूलुहान
जब पुलिस की टीम मौके पर लोगों को समझाने पहुंची, तो स्थिति और बिगड़ गई। उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। यह पथराव इतना भयानक था कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। इस हमले में राजेपुर थाने के दरोगा नागेंद्र सिंह और दरोगा कपिल कुशवाहा के सिर फट गए। दरोगा नागेंद्र के सिर में तीन टांके आए हैं। इतना ही नहीं, कवरेज कर रहे एक पत्रकार को भी गंभीर चोटें आईं और उनका मोबाइल भी टूट गया। मौके पर मौजूद दो कारें भी ईंट-पत्थरों से चकनाचूर हो गईं।

भारी पुलिस फोर्स ने किया फ्लैग मार्च, 6 संदिग्ध हिरासत में
हालात बेकाबू होते देख जिला मुख्यालय से भारी पुलिस बल बुलाया गया। अमृतपुर, कादरी गेट, फर्रुखाबाद कोतवाली और मऊ दरवाजा सहित 5 थानों की फोर्स और फायर ब्रिगेड ने मौके पर मोर्चा संभाला। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और कई सीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर न्यूनतम बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने पूरे गांव में फ्लैग मार्च किया और वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। अब तक आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
एसपी का बयान : पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
एसपी आरती सिंह ने बताया कि युवक की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। शराब ठेके के सेल्समैन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पैनी नजर रखे हुए है।


















