बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज पुलिस ने जमीन धोखाधड़ी के एक ऐसे सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह के तीन सदस्यों को दबोचा है जो मृतक व्यक्तियों की जमीन पर कब्जा करने के लिए फर्जीवाड़ा करते थे। ताजा मामला गांव बेहटा बल्लू का है, जहां लगभग 40-50 साल पहले मर चुकी ‘परमेश्वरी’ नाम की महिला की जमीन को किसी दूसरी महिला को खड़ा करके फर्जी तरीके से अपने नाम करा लिया गया था।
विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
इस पूरे खेल का खुलासा तब हुआ जब गांव के ही शिववीर सिंह ने इस धोखाधड़ी का विरोध किया। शिववीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने न केवल फर्जी कागजात तैयार किए, बल्कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, जालसाजों ने उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे डाली। पुलिस ने मामला दर्ज कर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत कार्रवाई शुरू की।
घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचे तीन जालसाज
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भकुसा से नगला मलू जाने वाले रास्ते पर जबरदस्त घेराबंदी की। दोपहर करीब 2 बजे पुलिस ने दबिश देकर तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव बेहटा बल्लू निवासी सुक्खी के पुत्र रामवीर, गांव नगला मलू निवासी विश्वनाथ के पुत्र अरविंद और खान आलमपुर, मूल निवासी कोट मऊ रशीदाबाद रामसिंह के आउट अन्नू उर्फ राजवीर के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में यह सफल कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस गिरोह के पुराने कारनामों की भी बारीकी से जांच कर रही है।



















