सोमवार की देर रात जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र में कायमगंज रोड स्थित निरीक्षण भवन के पास खाली मैदान में कुछ युवक मारुति वैन में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वैन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी धूं-धूं कर जलने लगी। आग की लपटें उठती देख रिफिलिंग कर रहे युवक मौके से फरार हो गए।
सिलेंडर फटने से हुए जोरदार धमाके, दहशत में आए स्थानीय लोग
आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में वैन में रखा गैस सिलेंडर और गाड़ी के टायर तेज धमाकों के साथ फट गए। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किसी ने भी पास जाकर उसे बुझाने की हिम्मत नहीं जुटाई। इस घटना ने क्षेत्र में चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग के काले कारोबार की पोल खोल दी है।
पुलिस की कार्रवाई : थानाध्यक्ष ने दिए जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना घनी आबादी के पास यह बड़ी त्रासदी बन सकता था।



















