मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित सीपी विद्या निकेतन में एक बेहद खास और संगीतमय कार्यक्रम ‘आवाज़-ए-सीपीवीएन’ (Voice of CPVN) का भव्य आयोजन किया गया। बता दें कि यह प्रतियोगिता मशहूर गायिका आशा भोसले को समर्पित थी। स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारना और उन्हें मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम की शुरुआत सी.पी. ग्रुप ऑफ स्कूल्स की निर्देशिका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, प्रबंधक सत्य प्रकाश अग्रवाल और मुख्य अतिथि जय गंगवार (चेयरमैन, चीनी मिल), प्रधानाचार्य आर . के बाजपेई, योगेश तिवारी व उप प्रधानाचार्य दीपक जैना ने दीप प्रज्वलित कर की।

छात्रों की सुरीली आवाज़ और शानदार परफॉर्मेंस
प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। छात्रों ने ‘मेरे ख्वाब में जो आए’, ‘ये शाम मस्तानी’, और ‘झुमका गिरा रे’ जैसे सदाबहार गानों पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जजों की भूमिका में संगीत विशेषज्ञ अंजू पांडे, दयानंद शर्मा और नेहा रस्तोगी शामिल रहीं, जिन्होंने छात्रों के सुर, ताल और गायन शैली को परखा।

कौन बना ‘आवाज़-ए-सीपीवीएन’ का विनर?
कठिन मुकाबले के बाद निर्णायक मंडल ने विजेताओं की घोषणा की:
जूनियर वर्ग: विनर – आराध्या गुप्ता, फर्स्ट रनर अप – अंशिका सिंह, सेकंड रनर अप – मानवी शर्मा।
कायमगंज
सीनियर वर्ग: विनर – प्रांजल शर्मा, फर्स्ट रनर अप – तेजस गुप्ता, सेकंड रनर अप – चाहत सक्सेना।

शिक्षा के साथ कला का सर्वांगीण विकास
इस मौके पर विद्यालय की निर्देशिका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। वहीं मुख्य अतिथि जय गंगवार ने सभी बच्चों की मेहनत की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन हरीश कुमार पचौरी और ज्योत्स्ना सिंह ने किया। इस अवसर पर स्नेह कांत बाजपेई, अनुज गंगवार, गोविंद गुप्ता, प्रदीप शाक्य हुआ नेहा त्रिवेदी समेत अन्य शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रही।



















