रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली इलाके क्षेत्र स्थित इटावा-बरेली हाईवे पर एक तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 14 वर्षीय किशोर गगन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता नरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

सिलेंडर लेने गए थे पिता-पुत्र
थाना नवाबगंज क्षेत्र के बराकेशव गांव निवासी 40 वर्षीय नरेंद्र कुमार अपने बेटे गगन के साथ सकवाई स्थित गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गए थे। वहां गैस उपलब्ध न होने के कारण वे वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में तेरा गांव के मोड़ के पास पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल नरेंद्र कुमार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


















