फर्रुखाबाद : कायमगंज में GST चोरी के बड़े खेल का पर्दाफाश, जुबैर गैंग से जुड़ा शातिर ट्रांसपोर्टर गिरफ्तार – ऐसे उड़ाते थे करोड़ों का टैक्स

जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज में पुलिस ने टैक्स चोरी के एक बड़े सिंडिकेट को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात ‘जुबैर गैंग’ से जुड़े एक मुख्य ट्रांसपोर्टर राजीव तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव नुनवारा का निवासी है और काफी समय से पुलिस की रडार पर था। प्रभारी निरीक्षक एम.एम. चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को सटीक सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया।

फर्जी फर्म और नकली ई-वे बिल : करोड़ों की चपत लगाने का फॉर्मूला

पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गैंग फर्जी फर्में बनाकर उनके नाम से फर्जी ई-वे बिल और ‘कूटरचित’ बिल्टी तैयार करता था। इन नकली दस्तावेजों के सहारे आरोपी व्यापारियों का माल (खासकर तंबाकू) एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाते थे। गलत पते और फर्जी कागजों की मदद से ये लोग सरकार को मिलने वाले भारी-भरकम जीएसटी (GST) की सरेआम चोरी कर रहे थे।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई : गैंग के अन्य सदस्यों में खौफ

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से भारी मात्रा में फर्जी बिल्टी-बिल, दस्तावेजों की फोटोकॉपी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। राजीव तिवारी ने पूछताछ के दौरान गैंग के कुछ अन्य अहम सदस्यों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस की टीमें अब फरार बदमाशों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही हैं।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें