फर्रुखाबाद : कायमगंज में तय हिस्से से अधिक जमीन बेचने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर आठ के खिलाफ मुकदमा

Farrukhabad News : फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के औजन नगला (जिजपुरा) निवासी नत्थो देवी ने वर्ष 2021 में रिषीपाल के साथ मिलकर भगौतीपुर गांव में 0.081 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी। बंटवारे में साढ़े 10 बिस्वा हिस्सा नत्थो देवी और साढ़े नौ बिस्वा हिस्सा रिषीपाल का तय हुआ था। आरोप है कि रिषीपाल ने अपने तय हिस्से से अधिक 10 बिस्वा जमीन 7 जुलाई को उषा देवी के नाम बैनामा कर दी। नत्थो देवी का कहना है कि बैनामा रद्द करने की बात कहने पर आरोपितों ने साफ इनकार कर दिया।

विरोध करने पर दंपती से मारपीट का आरोप

महिला के मुताबिक, 11 अगस्त की सुबह रिषीपाल, उषा, सहदेव, चंदन, प्रदीप, नगला लालजीत यदुवंश वीर विक्रम सिंह और कुछ अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे। जमीन के बैनामे को लेकर कहासुनी के दौरान आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए नत्थो देवी से मारपीट की। जब उनके पति जीवाराम बचाने आए, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। पीड़िता का दावा है कि उनके पास इस घटना का वीडियो भी मौजूद है।

शिकायत के बाद कोर्ट का रुख और पुलिस की कार्रवाई

नत्थो देवी का आरोप है कि उन्होंने पहले कोतवाली और फिर 21 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर कायमगंज कोतवाली पुलिस ने आठ नामजद और अन्य आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट व धमकी से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें