Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव ग्रासपुर में दावत का खाना खाने के बाद करीब 13 से 15 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
ट्रक खरीदने की खुशी में रखी गई थी दावत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में शुक्रवार को मोर सिंह के ट्रक खरीदने की खुशी में दावत आयोजित की गई थी। इसमें शामिल महिलाओं और बच्चों ने खाना खाया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत खराब हो गई।
खाद्य विभाग ने लिए खाने के नमूने
मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य विभाग के अधिकारी जावेद अख्तर शनिवार को गांव पहुंचे। उन्होंने दावत में परोसी गई पूड़ी, तैयार काशीफल की सब्जी और तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी वजह
थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि कुछ बच्चों की तबीयत खराब होने पर उन्हें निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार दिलाया गया था। सीओ अजय वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

























