Farrukhabad News : जनपद फर्रूखाबाद के फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्यों के सापेक्ष अब तक हुई प्रगति का विस्तार से जायजा लिया गया और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई।
शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के लिए बनेगी प्रभावी कार्ययोजना
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए एक सुदृढ़ और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। इसके साथ ही, वसूली की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके।

जनसामान्य के लंबित मामलों का होगा समयबद्ध निस्तारण
जिलाधिकारी ने राजस्व वादों, दाखिल-खारिज, नामांतरण और सरकारी भूमि से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि आम जनता से जुड़े हर प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर और पारदर्शिता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासनिक कार्यों में समयबद्धता और पारदर्शिता ही शासन की मुख्य प्राथमिकता है, जिसका सभी अधिकारियों को कड़ाई से पालन करना होगा।
बैठक में प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक कुमार, आबकारी अधिकारी गुरु प्रसाद गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चौरसिया और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


























