Farrukhabad News : फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर नौखंडा गांव निवासी युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बता दें कि शनिवार को पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य कोतवाली के बाहर सड़क पर बैठ गए। परिजनों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। सड़क पर प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई।

विवाद के बाद बिगड़ी थी युवक की हालत
मृतक की पत्नी प्रीति ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिन पूर्व पड़ोस के एक कुत्ते के काटने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पड़ोसियों ने पति संदीप कुशवाह के साथ मारपीट कर दी। शुक्रवार सुबह पति की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पैनल से हुआ पोस्टमार्टम, विसरा किया गया सुरक्षित
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने निष्पक्षता बनाए रखने के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया। पोस्टमार्टम की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। प्राथमिक तौर पर मौत का सटीक कारण स्पष्ट न होने के चलते डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा ताकि मौत के कारण स्पष्ट हो सके।

सीओ सिटी के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
सड़क पर जाम की सूचना मिलते ही सीओ सिटी अभय वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए परिजनों से वार्ता की और उन्हें आश्वस्त किया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के सकारात्मक आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से बहाल हो सका।

























