Farrukhabad News : गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर के ऐतिहासिक फूलमती मंदिर में “श्री गणेश रंग भरो प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन किया गया। स्वर्गीय मोहन मानवता की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी सुंदर चित्रकारी और रंगों के माध्यम से बेहतरीन कला का प्रदर्शन किया। विहिप मातृशक्ति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
तीन वर्गों में बच्चों ने दिखाया उत्साह
प्रतियोगिता को कुल तीन श्रेणियों में बांटा गया था, जिसमें प्ले ग्रुप से कक्षा 2, कक्षा 3 से 5 और कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कुल 30 नन्हें प्रतिभागियों ने अपनी कल्पना शक्ति और रंगों के संयोजन से भगवान श्री गणेश के सुंदर चित्र उकेरे। बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था और मंदिर परिसर रंगों की छटा से सराबोर हो गया।
शहर के सभी पांडालों में होंगे आयोजन
आयोजकों ने जानकारी दी कि इस तरह की रंग भरो प्रतियोगिताएं कायमगंज नगर के सभी गणेश पूजा पांडालों में आयोजित की जाएंगी। महीने के अंत में एक संयुक्त भव्य कार्यक्रम रखा जाएगा, जिसमें चयनकर्ता पैनल द्वारा चुने गए विजेता बच्चों को विशेष रूप से पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।
सफल प्रबंधन और जलपान वितरण
कार्यक्रम का कुशल प्रबंधन विश्व हिंदू परिषद मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी, बजरंग दल और फूलमती मंदिर गणेश पूजन कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर मंदिर कमेटी की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को जलपान कराया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान हिंदू परिषद मातृशक्ति की बहन प्रगति तिवारी, दुर्गा वाहिनी की बहन आयुषी और नूतन चतुर्वेदी, बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख आकाश कट्टर, अजय अग्रवाल, प्रबल शर्मा, बृजनंदन प्रजापति, चंद्रपाल शाक्य व विवेक शर्मा सबमिट अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

























