मंगलवार की शाम जनपद हरदोई के हरपालपुर थाना क्षेत्र के गांव बदनापुर निवासी जगपाल यादव अपने भतीजे सुधीर यादव को छोड़ने फर्रूखाबाद आए थे। वापस लौटते समय उन्होंने बद्री विशाल कॉलेज के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में 200 रुपए का पेट्रोल डलवाया और पर्ची भी ली। हालांकि, पेट्रोल डलवाने के बाद भी बाइक का फ्यूल मीटर नहीं बढ़ा। जब उन्होंने पंप कर्मचारी से इस संबंध में बात की तो आरोप है कि उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बोतल में निकाला पेट्रोल तो कम निकला, मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही कादरीगेट चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और पंप कर्मचारियों की मौजूदगी में मिस्त्री से बाइक की टंकी से पेट्रोल निकलवाया गया। बोतल में मापने पर बमुश्किल एक लीटर पेट्रोल ही निकला। इस बात पर मौके पर काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता अन्य कर्मियों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद पूर्ति विभाग ने संबंधित नोज़ल से पेट्रोल की बिक्री फिलहाल बंद करवा दी और ग्राहक को पूरा पेट्रोल दिलवाकर मामला शांत कराया।

जांच टीम करेगी नोज़ल और मशीन की तकनीकी पड़ताल
प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी अनिल कुमार यादव ने बताया कि नोज़ल से पांच लीटर का माप निकालकर देखा गया तो वह सही पाया गया, फिर भी निष्पक्षता बनाए रखने के लिए एक विशेष जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस टीम में पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। वहीं पेट्रोल पंप स्वामी पिंटू अग्रवाल का कहना है कि यह शिकायत केवल गलतफहमी के कारण हुई, उनकी मशीन में कोई खराबी नहीं है। वे किसी भी प्रशासनिक या तकनीकी टीम से जांच कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
























