मंगलवार की देर शाम जनपद फर्रुखाबाद के थाना कम्पिल क्षेत्र अंतर्गत गांव रूदायन निवासी 45 वर्षीय रजनेश शर्मा उर्फ मिंटू अपने घर के बाहर स्थित बिजली उपकरण मरम्मत की दुकान पर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आए तेज करंट की चपेट में आने से वह बेसुध होकर वहीं गिर पड़े। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग और परिजन तुरंत मौके की ओर दौड़े।
अस्पताल में डॉक्टर ने की बचाने की पूरी कोशिश
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में रजनेश शर्मा को गंभीर हालत में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमरेश ने मरीज की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें तत्काल सीपीआर देकर जान बचाने की हर संभव कोशिश की। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और रजनेश की मौत हो गई।

घटना के बाद गांव और परिवार में मातम
रजनेश शर्मा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी नीरू, पुत्री दिव्या और पुत्र अंश का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में अचानक घटे इस हादसे के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है।
























