फर्रूखाबाद : डंपर ने बाइक सवार टीचर को कुचला, घटनास्थल पर मौत – CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

गुरुवार को जनपद फर्रूखाबाद जिले के अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव उदरनपुर निवासी 38 वर्षीय देवेंद्र विक्रम सिंह, जो अमर ज्योति इंटर कॉलेज में शिक्षक थे, अपनी बाइक से कांकरकठा स्थित क्लिनिक जा रहे थे। जैसे ही वह कसबे के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

अमृतपुर
मृतक देवेंद्र विक्रम सिंह का फाइल फोटो

स्लिप हुई बाइक और सीने पर चढ़ गया पहिया

टक्कर लगते ही शिक्षक की बाइक का अगला पहिया फिसल गया और वह संतुलन खोकर सीधे सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाते, अनियंत्रित डंपर का पिछला पहिया उनके सीने के ऊपर से गुजर गया। हादसे के वक्त देवेंद्र ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन हादसे की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

CCTV में कैद हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना

इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें डंपर चालक की बेपरवाही साफ दिखाई दे रही है। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक गाड़ी समेत मौके से रफूचक्कर हो गया। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया और गंभीर हालत में शिक्षक को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अमृतपुर
घटनास्थल पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

अमृतपुर थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर फरार डंपर ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। इस दुखद हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई और पत्नी बबली समेत बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें