जनपद फर्रूखाबाद में गुरु पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए जुटने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए भारी वाहनों के लिए नया रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात पुलिस के मुताबिक, यह व्यवस्था 28 जुलाई की रात 8 बजे से शुरू होकर 29 जुलाई को स्नान समाप्ति तक पूरी तरह प्रभावी रहेगी।

कन्नौज और मैनपुरी की तरफ से आने वाली गाड़ियों का बदला रास्ता
नए डायवर्जन प्लान के तहत कन्नौज से फतेहगढ़ की ओर आने वाले ट्रक, टैंकर, डीसीएम और डंपर जैसे मालवाहक वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की तरफ मोड़ा जाएगा। वहीं, छिबरामऊ से जहानगंज के रास्ते आने वाले वाहनों को बेवर (मैनपुरी) की ओर डाइवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा बेवर से फतेहगढ़ की तरफ आने वाले भारी वाहनों को मौके पर ही रोक दिया जाएगा।
बॉर्डर पर रोके जाएंगे इन जिलों से आने वाले भारी वाहन
एटा, शाहजहांपुर, बरेली और हरदोई की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों के लिए भी सख्त इंतजाम किए गए हैं। एटा की ओर से आने वाले वाहनों को बिराहिमपुर-अलीगंज बॉर्डर पर रोका जाएगा। शाहजहांपुर और बरेली के वाहनों को अल्लागंज, हुल्लापुर और जरियनपुर चौराहे पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं हरदोई से आने वाले भारी वाहनों को रूपापुर में रोक दिया जाएगा। यातायात प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।



















