फर्रुखाबाद : संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, हत्या का आरोप – पुलिस जांच में जुटी

जनपद फर्रुखाबाद के शमसाबाद थाना क्षेत्र स्थित गांव लोखंडपुरा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। बता दें कि जनपद कन्नौज के ठठिया क्षेत्र के गांव भुना निवासी वासुदेव की 23 वर्षीया पुत्री सीता की शादी 13 फरवरी 2024 को लोखंडपुरा के प्रांशु यादव के साथ हुई थी। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि, 18 जुलाई की सुबह सीता की अचानक तबीयत खराब हो गई। ससुराल वाले पहले उसे इलाज के लिए फर्रुखाबाद ले गए, जहां से डॉक्टर ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान रविवार शाम सीता ने दम तोड़ दिया।

शमशाबाद
मृतका सीता यादव का फाइल फोटो

मां ने लगाया ज़हर देकर हत्या का गंभीर आरोप

सोमवार सुबह जब सीता का शव ससुराल गांव लोखंडपुरा पहुंचा, तो ग्रामीणों ने इसकी खबर उसके मायके वालों को दी। खबर मिलते ही सीता के पिता वासुदेव, मां चंद्रावती और भाई उपदेश तुरंत मौके पर पहुंचे। मां चंद्रावती ने बिलखते हुए आरोप लगाया कि शादी के दो साल बीत जाने के बाद भी संतान न होने की वजह से ससुराल वाले सीता को आए दिन प्रताड़ित करते थे। उनका आरोप है कि इसी रंजिश में उसे जहर देकर मार डाला गया। वहीं भाई का कहना है कि शादी के बाद से ही बहन के साथ कई बार मारपीट भी की गई थी।

ससुराल पक्ष फरार, पुलिस और फॉरेंसिक जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही और शव घर पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। मायके वालों के हंगामे के बीच पुलिस ने पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। शमसाबाद थाना प्रभारी सचिन चौधरी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें