गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव नगला फुलू निवासी कल्याण सिंह यादव का 30 वर्षीय पुत्र राहुल यादव अपनी बाइक से कायमगंज तंबाकू का पेमेंट लेने आया था। पेमेंट लेकर जब वह खुशी-खुशी अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी कायमगंज कम्पिल मार्ग स्थित गांव मेदपुर के पास एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि राहुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में पसरा सन्नाटा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
राहुल की मौत सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। बता दें कि राहुल पांच भाइयों में चौथे नंबर का था और उसकी शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी। उनकी एक पांच महीने की नन्ही सी बेटी भी है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। मां विमला देवी और पत्नी आराधना का रो-रोकर बुरा हाल है।
3.57 लाख रुपए गायब! हादसे के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं?
मृतक के पिता कल्याण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम 5 बजे उनकी राहुल से फोन पर बात हुई थी, तब राहुल ने कहा था कि वह 3 लाख 57 हज़ार लेकर घर आ रहा है। लेकिन, हादसे के बाद राहुल के पास से एक भी रुपया बरामद नहीं हुआ। परिजनों ने रुपयों के गायब होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। हालांकि, कंपिल के दरोगा हरीश यादव का कहना है कि ई-रिक्शा को कब्जे में ले लिया गया है और रुपयों के गायब होने के मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



















