फर्रुखाबाद : दरोगा जी के घर से 15 लाख के जेवर उड़ाने वाला शातिर दूधिया गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा

जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की पुलिस लाइन में रहने वाले सब-इंस्पेक्टर शुभम त्रिवेदी के सरकारी आवास (टाइप-3, क्वार्टर नंबर 15) में बड़ी चोरी हो गई। 7 जुलाई को जब दरोगा जी अपनी ड्यूटी से वापस लौटे और अलमारी खोली, तो उनके होश उड़ गए। लॉकर खुला पड़ा था और उसमें रखे 3 सोने की अंगूठियां, 2 सोने की चेन, 1 मंगलसूत्र, 4 सोने के कंगन, एक जोड़ी कुंडल और 10,000 रुपए कैश गायब था। चोरी गए इन गहनों की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है।

नया दूधिया निकला पुराना खिलाड़ी, ऐसे हुआ शक

पीड़ित दरोगा शुभम त्रिवेदी ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले ही उनके घर पर दूध देने के लिए एक नया दूधिया आने लगा था। उन्हें उसी नए दूधिया पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने निकित यादव नाम के इस दूधिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। एसपी आरती सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक स्पेशल टीम का गठन किया और जांच शुरू करवा दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के अंदर आरोपी दूधिया निकित यादव को दबोच लिया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

शातिर का रहा है क्रिमिनल रिकॉर्ड, सारा माल बरामद

सघन पूछताछ के बाद जब पुलिस ने निकित यादव की तलाशी ली, तो दरोगा जी के घर से चोरी हुआ शत-प्रतिशत माल बरामद हो गया। बरामद सामान में चार सोने की चूड़ियां, दो जंजीरें, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकीदार कुंडल और एक काले मोती की माला में लगा पेंडल शामिल है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी निकित यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल की हवा खा चुका है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें