फर्रुखाबाद : कायमगंज में पकौड़ी खाने के विवाद में युवक की हत्या, 6 साल बाद कोर्ट ने दोषी को सुनाई सजा – 5 साल की जेल

11 जून 2020 को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव ज्यौनी में महज पकौड़ी खाने जैसी छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत की वजह बन गया। मृतक वीर के भाई ब्रह्मदत्त उर्फ टुण्डी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जून की शाम को उनका भाई दुकान पर बैठा था। तभी गांव का ही शिवजी वहां आया। दोनों ने शराब पी रखी थी और पकौड़ी खाने को लेकर उनके बीच गाली-गलौज और बहस शुरू हो गई। इसके बाद वीर वहां से उठकर तालाब की तरफ चला गया।

दुकान की बहस ने लिया जानलेवा मोड़

विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। कुछ देर बाद आरोपी शिवजी अपने साथ दीपक, सुधीर और ओमकार को लेकर वहां दोबारा पहुंच गया। वहां फिर से झगड़ा शुरू हुआ और इसी गहमागहमी के बीच शिवजी ने वीर को एक जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगने से वीर सिर के बल जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। अगले ही दिन 12 जून की रात को वीर ने दम तोड़ दिया।

6 साल बाद मिला इंसाफ, कोर्ट ने भेजा जेल

इस पूरे मामले में दोनों पक्षों की दलीलें और गवाहों को सुनने के बाद, जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार की अदालत ने अपना बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने आरोपी शिवजी को गैर-इरादतन हत्या का दोषी मानते हुए 5 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट के इस कड़े फैसले के तुरंत बाद दोषी को जेल भेज दिया गया है। इस फैसले ने साफ कर दिया है कि मामूली विवाद में भी कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें