जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज कस्बा में कोचिंग गए वीआरएम इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के तीन दोस्त सत्यम शाक्य, अहम और आयुष अचानक लापता हो गए थे। मंगलवार शाम को जब तीनों घर नहीं लौटे, तो घरवालों के होश उड़ गए और आनन-फानन में नवाबगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे।
क्रिकेट का जुनून ले गया सपनों की नगरी मुंबई
पुलिस की पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। तीनों दोस्तों के सिर पर क्रिकेटर बनने का ऐसा भूत सवार था कि वे बिना किसी को बताए सीधे शमसाबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर मथुरा और फिर दिल्ली होते हुए मुंबई के मशहूर वानखेड़े स्टेडियम पहुँच गए। उनके पास लगभग आठ-आठ हजार रुपये थे, जिससे उन्होंने जनरल टिकट खरीदा और सफर तय किया।
एक छोटी सी भूल ने तोड़ा क्रिकेटर बनने का सपना
सपनों की नगरी मुंबई पहुँचने के बाद भी किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। तीनों छात्र वानखेड़े स्टेडियम में क्रिकेट का ट्रायल देने तो पहुँच गए, लेकिन उनके पास सबसे जरूरी दस्तावेज यानी ‘आधार कार्ड’ नहीं था। बिना आधार कार्ड के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें स्टेडियम के अंदर घुसने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद वे मायूस होकर वापस दिल्ली और फिर शनिवार सुबह सुरक्षित नवाबगंज लौट आए। पुलिस ने पूछताछ के बाद बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

फर्रुखाबाद : तीन किशोर घर से लापता, एक साथ निकले तीनों – पुलिस तलाश में जुटी


















