फर्रुखाबाद : तीन किशोर घर से लापता, एक साथ निकले तीनों – पुलिस तलाश में जुटी

मंगलवार की दोपहर जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज कस्बा में अचानक तीन किशोर लापता हो गए। लापता होने वालों में नगला हीरासिंह का 14 वर्षीय आयुष, नवाबगंज मुख्य चौराहे का 15 वर्षीय सत्यम और बरतल का 14 वर्षीय अहम शामिल हैं। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आयुष और अहम, सत्यम की दुकान पर पहुंचे। तीनों ने आपस में कुछ गुपचुप बात की और दुकान के पड़ोसी को अपना मोबाइल थमा दिया। उन्होंने कहा कि यह फोन पिताजी को दे देना, हम बस थोड़ी देर में वापस आते हैं। इसके बाद से तीनों का कुछ अता-पता नहीं है।

रात भर भटकते रहे परिजन, पुलिस भी हैरान

जब देर शाम तक तीनों घर नहीं लौटे, तो घरवालों के हाथ-पैर फूल गए। परिजनों ने रात भर अपनी तरफ से हर संभावित ठिकाने और रिश्तेदारों के यहां छानबीन की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। देर रात सत्यम के घर जुटी भीड़ को देखकर पुलिस मौके पर पहुंची और फोटो लेकर जांच शुरू की। लापता छात्रों में आयुष और सत्यम वीआरएम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के छात्र हैं, जबकि अहम सीपी इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 9 में पढ़ता है। बुधवार सुबह तक कोई खबर न मिलने पर अहम के पिता डॉ. बृजेश कुमार ने थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई है। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि तीनों किशोरों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। नवाबगंज के मुख्य चौराहों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि उनके जाने की दिशा का पता चल सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों बच्चों को सकुशल ढूंढ लिया जाएगा।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें