जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव सीधे चकरपुर में 20 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे एक 16 साल की नाबालिग लड़की अपने घर का काम कर रही थी। तभी गांव का ही रहने वाला विन्दरपाल पुत्र पूरनलाल जबरन उसके घर में घुस गया और लड़की के साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब लड़की के चाचा रामू ने इस बात का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी विन्दरपाल आगबबूला हो गया और उसे देख लेने की सरेआम धमकी देते हुए वहां से चला गया।
रास्ते में घेरा और चाकुओं से कर दिया ताबड़तोड़ हमला
इस घटना के कुछ ही देर बाद, जब चाचा रामू गली के रास्ते अपने खेत की तरफ जा रहे थे, तभी आरोपी विन्दरपाल ने अपने दो भाइयों इन्द्रपाल और धर्मेन्द्र के साथ मिलकर उन्हें बीच रास्ते में घेर लिया। तीनों ने मिलकर रामू पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से रामू लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर जब परिवार वाले मौके पर दौड़े, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दो सगे भाई पहुंचे सलाखों के पीछे
पीड़ित परिवार की तहरीर पर राजेपुर थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी विन्दरपाल को निविया चौराहे के पास से दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी इन्द्रपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। राजेपुर थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी धर्मेन्द्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

फर्रुखाबाद : भतीजी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर चाचा को चाकुओं से गोदा, मुख्य आरोपी दबोचा


















