फर्रुखाबाद : कायमगंज में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया – परिवार में मचा कोहराम

बुधवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव प्रेम नगर गांव में 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ओम शिव कोरी के 22 वर्षीय पुत्र लक्ष्मी नारायण के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उसे शराब पीने की बुरी लत थी। मंगलवार की शाम को भी वह अत्यधिक नशे की हालत में घर लौटा और बिना कुछ खाए-पिए सीधे अपने कमरे में जाकर चारपाई पर लेट गया।

सुबह पत्नी ने जगाया तो उड़ गए होश

बुधवार सुबह जब लक्ष्मी नारायण की पत्नी रीता देवी उसे जगाने कमरे में पहुंचीं, तो वह हिल-डुल नहीं रहा था। चारपाई पर उसकी लाश देखकर पत्नी चीख उठी। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग और परिवारवाले मौके पर जमा हो गए। इस असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। लक्ष्मी नारायण अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों अर्पित और एक वर्षीय अवनीश को रोता-बिलखता छोड़ गया है।

कायमगंज
कायमगंज

आत्महत्या की चर्चा, पुलिस बोली- मिलेगी तहरीर तो करेंगे कार्रवाई

इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का दबी जुबान में कहना है कि युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है, जबकि घरवाले इस बात से साफ इनकार कर रहे हैं। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक पुलिस को घटना की कोई लिखित सूचना या तहरीर नहीं मिली है। जानकारी मिलते ही मामले की गहनता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें