फर्रुखाबाद के मोहम्दाबाद थाना क्षेत्र के सकवाई गांव में बीते 15 जून को दबंगों ने रिंकू उर्फ रजनीश शर्मा को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में रिंकू लोहिया अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। पीड़ित की पत्नी आरती शर्मा ने नामजद केस दर्ज कराया है, लेकिन पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। आरती का आरोप है कि रसूखदार आरोपी लगातार फोन पर गालियां दे रहे हैं और समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

एसपी दफ्तर पहुंची सपा की टीम, पुलिस कप्तान ने मिलने से किया इनकार
इस मामले पर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के निर्देश पर एक जांच दल फर्रुखाबाद पहुंचा। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव और सपा नेताओं ने पहले अस्पताल जाकर पीड़ित का हाल जाना, फिर न्याय की गुहार लगाने एसपी दफ्तर पहुंचे। जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने सपा प्रतिनिधिमंडल से मिलने तक से मना कर दिया, जिससे नेताओं में भारी नाराजगी फैल गई।

“अधिकारी सुनने को तैयार नहीं…” सपा नेताओं ने सरकार को घेरा
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। सरकारी तंत्र अब सत्ताधारियों का गुलाम बन चुका है। वहीं, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि सूबे में एक खास जाति के गुंडे कानून को ठेंगे पर रख रहे हैं। पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह, डॉ. नवल किशोर शाक्य, पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी और उर्मिला राजपूत ने भी प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह कैसा ‘रामराज्य’ है जहां पीड़ितों की सुनवाई ही नहीं हो रही है।

इस दौरान मौजूद रहे
इस दौरान जिला महासचिव इलियास मंसूरी, प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र शाक्य, जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता, विधानसभा अध्यक्ष भोजपुर नरेंद्र सिंह यादव, समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा, जिला सचिव विनीत परमार, जिला सचिव शिवशंकर शर्मा, जिला महासचिव यूथ ब्रिगेड अर्चित शर्मा, सभासद मुदस्सिर खां, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अमित यादव, जिला सचिव नौशाद अहमद, श्रीकृष्ण शर्मा, महिपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शिवम पटेल, गोपाल यादव, गोविंद यादव, मोहम्मद अनस, प्रवेश शाक्य, सुब्रत शाक्य, शीलू खां, योगेश कुमार आदि समाजवादी पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



















