जनपद फर्रूखाबाद की जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के कड़े निर्देश के बाद जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत और यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार की अगुवाई में टीम ने सड़कों पर उतरकर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान ओवरलोड गाड़ियों और डग्गामार बसों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
डग्गामार बस और ओवरलोड ट्रकों पर लगा तगड़ा जुर्माना
मंगलवार को चली इस कार्रवाई में दो बड़े ओवरलोड ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया और उन पर 52 हजार रुपए का जुर्माना ठोंका गया। इसके साथ ही, जयपुर से शाहजहांपुर और बरेली तक सवारियों को अवैध रूप से ले जा रही एक डग्गामार बस को भी जब्त किया गया, जिस पर 31 हजार रुपए का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया।
बिना नंबर प्लेट और रिफ्लेक्टिव टेप वाले वाहनों पर भी गिरी गाज
चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट या धुंधली नंबर प्लेट वाले 26 वाहनों का चालान काटा गया, जिनमें से 13 को सीज कर दिया गया। बिना रिफ्लेक्टिव टेप के दौड़ रहे 7 वाहनों को भी पकड़ा गया। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि रात के हादसों को रोकने के लिए वाहनों पर नियम के मुताबिक रिफ्लेक्टिव टेप लगाना बेहद जरूरी है, ऐसा न करने पर 10 हजार का दंड लगेगा। इस पूरे अभियान में परिवहन विभाग ने कुल 2.95 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है।



















