मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद के रोडवेज बस स्टैंड पर एक महिला चालाकी से चोरी का शिकार हो गई। कायमगंज निवासी शोभा सक्सेना अपने दो मासूम बच्चों, 5 साल के कृष्णा और 6 साल के अर्पिता के साथ मायके से घर लौट रही थीं। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही वह दिल्ली जाने वाली बस में चढ़ीं और बच्चों को सीट पर बैठाने में व्यस्त हुईं, तभी एक अज्ञात युवक बस में घुसा। महिला का ध्यान भटकते ही शातिर चोर उनका सामान से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गया।
सोने की अंगूठी और नकदी पर हाथ साफ
पीड़िता को थोड़ी देर बाद जब अहसास हुआ, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गायब हुए थैले में एक सोने की अंगूठी, लगभग एक हजार ररुपए की नकदी और बच्चों व महिला के कपड़े रखे हुए थे। रोती-बिलखती पीड़ित महिला ने तुरंत रोडवेज चौकी पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने महिला से लिखित शिकायत लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बस स्टैंड पर आए दिन यात्रियों का सामान चोरी होने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने यहां निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्ध चोर की पहचान कर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।



















