शुक्रवार की रात जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव पिथनापुर कोटियापुर में एक परिवार में 10 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था, जिसकी खुशी में शुक्रवार रात नामकरण संस्कार का शानदार कार्यक्रम चल रहा था। रिश्तेदार और गांव के लोग बड़ी संख्या में जुटे थे, टेंट लगा हुआ था और सब कुछ बहुत बढ़िया चल रहा था। लेकिन रात करीब 11 बजे अचानक हुई हर्ष फायरिंग ने पूरे माहौल में रंग में भंग डाल दिया।
खाना खाते समय टेंट मालिक और युवक को लगी गोली
चश्मदीदों और पीड़ित टेंट मालिक वीरेंद्र के मुताबिक, रात के समय सभी मेहमान और व्यवस्था में लगे लोग खाना खा रहे थे। इसी बीच भीड़ में से एक शख्स ने अवैध तमंचा निकाला और दनादन दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली सीधे खाना खा रहे टेंट मालिक वीरेंद्र के हाथ में जा लगी। सिर्फ वीरेंद्र ही नहीं, बल्कि वहीं पास में मौजूद गांव का ही 25 वर्षीय युवक मुकेश भी इस फायरिंग की चपेट में आ गया और एक गोली उसके हाथ को भी चीरती हुई निकल गई। गोली लगते ही दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार के साथ अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में मची अफरा-तफरी, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। टेंट मालिक वीरेंद्र को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि मुकेश का प्राथमिक इलाज और मेडिकल परीक्षण पहले राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। अमृतपुर थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि हर्ष फायरिंग में दो लोग घायल हुए हैं। अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित तहरीर नहीं मिली है, पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलते ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















