फर्रुखाबाद : टेंट का सामान लेकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 9 लोग दबे – जांच में जुटी पुलिस

गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी दिनेश कुशवाहा की बेटी रुचि की 19 जून को बारात आनी है। घर में शादी का माहौल था और तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। शाम को गांव के ही कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर अमृतपुर से टेंट का सामान लेने गए थे। सामान लादकर लौटते समय, अमृतपुर से करीब एक किलोमीटर दूर करनपुर दत्त मार्ग पर जैसे ही ड्राइवर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जटपुरा मार्ग की तरफ मोड़ा, रफ्तार तेज होने के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सीधे खेत में पलट गया।

अमृतपुर
अमृतपुर

कुर्सी-मेज और जनरेटर के नीचे दबे लोग

हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटते ही उस पर लदा भारी-भरकम सामान जैसे कुर्सी-मेज और जनरेटर वहां बैठे लोगों पर ही गिर गया। ट्रॉली पर सवार सभी 9 लोग सामान के नीचे बुरी तरह दब गए और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

गंभीर घायलों को सैफई किया गया रेफर

पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया। घायलों में अंकित (22), सनी (18), प्रांशु (18), कन्नौज के गुरसहायगंज निवासी गौरव (25), जटपुरा निवासी प्रांशु (17), सनी (18), पुष्पेंद्र (35), सुधांशु (18) और प्रेम (20) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां अंकित की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस फिलहाल फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें