फर्रुखाबाद : गंगा नदी में नहाते समय डूबा दिल्ली का किशोर, छोटे भाई की जान बचाई – परिवार में कोहराम

दिल्ली का रहने वाला 16 वर्षीय अंकित अपने छोटे भाई रोहन (12 वर्ष) और परिवार के साथ फर्रुखाबाद में मऊदरवाजा के तुर्कीपुर गांव में अपने ननिहाल आया हुआ था। सोमवार को पूरा परिवार पांचाल घाट पर गंगा स्नान के लिए गया था। पैंटून पुल के पास सभी लोग नहाने के बाद पूजा-पाठ में लग गए। इसी बीच अंकित और रोहन दोबारा गंगा नदी में नहाने के लिए उतर गए। नदी का बहाव तेज होने के कारण दोनों भाई गहरे पानी में समाने लगे और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई।

गोताखोरों ने छोटे भाई को निकाला, बड़ा भाई लापता

चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में कूद गए। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद छोटे भाई रोहन को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव के कारण बड़ा भाई अंकित पानी में कहीं बह गया और लापता हो गया। इस हादसे के बाद से ननिहाल के रिश्तेदारों और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही चौकी और कादरीगेट थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि नदी का बहाव काफी तेज होने के कारण अंकित का पता लगाने में दिक्कत आ रही है। गोताखोरों की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका था। पुलिस टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें