रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के मऊदरवाज़ा थाना क्षेत्र के अर्रापहाड़पुर में कोचिंग से पढ़कर अपने घर लौट रहे कक्षा 6 के एक 10 वर्षीय छात्र शिवा उर्फ कृष्ण की करंट लगने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही इस घटना की खबर बच्चे के परिवार वालों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया।

लापरवाही ने ली 10 साल के शिवा की जान
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, अर्रापहाड़पुर का ही रहने वाला एक युवक सड़क पर खुलेआम अपने ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज कर रहा था। इसी बीच, मासूम शिवा अपनी कोचिंग से घर वापस आ रहा था। तभी अचानक वह सड़क पर चार्ज हो रहे ई-रिक्शा के संपर्क में आ गया। ई-रिक्शा में तेज करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आते ही शिवा बुरी तरह झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शिवा के पिता बृजमोहन ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी युवक की इस घोर लापरवाही और लापरवाही से चार्जिंग करने के कारण ही उनके बेटे की जान गई है।

पुलिस ने ई-रिक्शा को किया जब्त, कार्रवाई शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही मऊदरवाज़ा थाना प्रभारी अजब सिंह अपनी पूरी पुलिस टीम (उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल सौरव चौधरी, विनीत चौधरी और नरेश) के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उपनिरीक्षक पंकज कुमार ने स्थिति को संभालते हुए बच्चे के शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करंट वाले ई-रिक्शा को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुँचाया है। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार से मिली तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रोते-बिलखते परिवार में शिवा की मां रेनू और भाई-बहनों (जानवी 12 वर्ष, मानवी 7 वर्ष और सक्षम 4 वर्ष) का बुरा हाल है।



















