रविवार की देर रात फर्रुखाबाद बस अड्डे के पास एक प्रेमी जोड़े को लड़की के घरवालों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। फरीदाबाद से भागकर आए इस जोड़े को देखते ही परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए सड़क पर ही दोनों की सरेआम पिटाई (लात-घूंसे) शुरू कर दी। बीच सड़क पर हो रहे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन तमाशबीन बनी भीड़ में से किसी ने भी उन्हें बचाने की जहमत नहीं उठाई।
8 दिनों से कार से पीछा कर रहे थे घरवाले
बताया जा रहा है कि विवाहिता का पति और उसके मायके वाले पिछले 8 दिनों से दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रहे थे। वे फरीदाबाद से ही कार लेकर लगातार उनका पीछा कर रहे थे। पति का आरोप है कि आरोपी युवक उसकी पत्नी को 10 दिन पहले फरीदाबाद से बहला-फुसलाकर भगा लाया था। रविवार रात करीब 10 बजे जैसे ही यह जोड़ा महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास दिखाई दिया, घात लगाए बैठे परिजनों ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद दोनों को बेरहमी से पीटते हुए बद्रीविशाल कॉलेज के पास खड़ी कार में जबरन ठूंस दिया और आनन-फानन में वहां से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस का क्या है कहना?
इस पूरे सनसनीखेज मामले पर कादरीगेट थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि पुलिस को एक लड़की के गुस्से में घर से चले जाने और परिजनों द्वारा उसे वापस ले जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, युवक को साथ ले जाने या उसके साथ हुई मारपीट के संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो कानून के मुताबिक सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















