जनपद फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी के दिग्गज नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए सरकारी नौकरियों में दलितों और पिछड़ों के हक पर डाका डालने का गंभीर आरोप लगाया।
22 भर्तियों का पूरा ‘कच्चा चिट्ठा’ आया सामने
सपा जिलाध्यक्ष ने मीडिया के सामने आंकड़ों की झड़ी लगाते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में कुल 22 सरकारी भर्तियों में खेल हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े और दलित वर्ग के लिए आरक्षित करीब 11,514 से ज्यादा सीटों को गायब कर दिया गया। चंद्रपाल सिंह ने पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि खुद आयोग ने माना है कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में नियमों की अनदेखी हुई, जिससे अकेले इस भर्ती में PDA वर्ग की 7,933 सीटें लूट ली गईं।

लेखपाल से लेकर डॉक्टर भर्ती तक… कहाँ कितनी सीटों का हुआ खेल?
सपा नेताओं ने एक-एक कर उन भर्तियों के नाम गिनाए जहाँ युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप है। उनके अनुसार, लेखपाल भर्ती में 960, जूनियर हाई स्कूल मास्टर भर्ती में 547, ग्राम पंचायत अधिकारी में 232 और कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती में 434 व 588 सीटें छीन ली गईं। इसके अलावा वन रक्षक, कोऑपरेटिव बैंक, चिकित्सा अधिकारी (आयुर्वेद व होम्योपैथिक) और पशु चिकित्सक जैसी बड़ी भर्तियों में भी आरक्षण की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।

‘चुनाव जीतना मकसद नहीं, आने वाली पीढ़ी का भविष्य बचाना है’
इस मौके पर प्रदेश सचिव डॉ. नवल किशोर शाक्य ने तीखे अंदाज में कहा कि मौजूदा सरकार पिछड़ों और दलितों के भविष्य की जड़ों में मट्ठा डालने का काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 10 साल के भाजपा राज ने PDA समाज को 50 साल पीछे धकेल दिया है। अब लड़ाई सिर्फ चुनाव जीतने या सत्ता पाने की नहीं है, बल्कि अपने बच्चों के हक और वजूद को बचाने की है। इसका इकलौता इलाज भाजपा को सत्ता से बेदखल करना ही है।
सपाईयों ने एक सुर में भरी हुंकार, सरकार बदलने का लिया संकल्प
इस प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक प्रताप सिंह यादव, पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, पूर्व मंत्री व जिलाध्यक्ष रामसेवक सिंह यादव, पूर्व प्रत्याशी कायमगंज व प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मो0 उमर ख़ां, जिला महासचिव इलियास मंसूरी, वरिष्ठ नेता डॉ0 जेपी वर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र शाक्य, जिला उपाध्यक्ष रमेश चंद्र कठेरिया, जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता, जिला सचिव बिजेंद्र सिंह यादव, जिला सचिव विनीत परमार, विधानसभा अध्यक्ष सदर पवन कठेरिया, शीटू यादव, सभासद मुदस्सिर खाॅं, यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव अर्चित शर्मा, यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष शिवम पटेल, विवेक भारद्वाज, शीलू खां आदि समाजवादी पदाधिकारियों ने एक स्वर में वर्तमान सरकार पर पीडीए के हक और अधिकार लूटने का आरोप लगाते हुए सरकार बदलने की हुंकार भरी।



















