फर्रुखाबाद शहर के मोहल्ला खटकपुरा इज्जत खां में उस समय राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गईं, जब कांग्रेस के कद्दावर युवा नेता उमर खुर्शीद और यूथ प्रदेश महासचिव जुनैद खान का जोरदार स्वागत हुआ। यह स्वागत किसी और के नहीं, बल्कि भाजपा नेता तौफीक खां उर्फ शिब्ली के निवास पर फूल-मालाओं के साथ किया गया। इस दौरान शिब्ली ने उमर खुर्शीद को न सिर्फ अपना पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया, बल्कि आगामी चुनाव मजबूती से लड़ाने का बड़ा आश्वासन भी दिया। इस खास मौके पर सपा सुवजन सभा के महानगर अध्यक्ष मुजाहिद अंसारी सहित भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में नए राजनीतिक गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
खटकपुरा में जनसंवाद और दिवंगत सपा नेता मतीन खां के परिजनों से मुलाकात
बता दें कि दौरे के अगले चरण में युवा नेता उमर खुर्शीद ने खटकपुरा क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद कांग्रेस नेताओं का काफिला घेरशामू खां स्थित दिवंगत समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव मतीन खां के आवास पर पहुंचा। वहां उमर खुर्शीद और जुनैद खान ने उनके बेटे फरहान खां व परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उमर खुर्शीद ने भावुक होते हुए कहा, “फर्रुखाबाद ने आज एक सच्चा और जमीन से जुड़ा नेता खो दिया है, जिसकी कमी हमेशा खलेगी।” उन्होंने फरहान खां को भरोसा दिया कि वे हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े हैं।

हजरत जूही बाबा दरगाह पर उमड़ा आस्था का सैलाब, दिया अमन-चैन का संदेश
राजनीतिक मुलाकातों के बाद कांग्रेस नेताओं ने कायमगंज स्थित सुप्रसिद्ध हजरत जूही बाबा की दरगाह पर आयोजित उर्स में शिरकत की। सर्वधर्म समभाव और कौमी एकता की मिसाल मानी जाने वाली इस दरगाह पर नेताओं ने चादरपोशी कर देश और क्षेत्र में अमन-चैन की दुआ मांगी। इस दौरान दरगाह के सज्जादानशीन ने युवा नेता उमर खुर्शीद और महासचिव जुनैद खान को पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उमर खुर्शीद ने इस सम्मान के लिए दरगाह कमेटी और क्षेत्र की जनता का दिल से आभार जताया।



















