गुरुवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगला चंदन में ननिहाल आए एक ढाई साल के मासूम बच्चे की दुग्ध वाहन (मिल्क वैन) की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक मासूम की पहचान जनपद मैनपुरी के बिछवा थाना के गांव साटिया निवासी रोहित यादव के ढाई वर्षीय पुत्र रियांश के रूप में हुई है। रियांश लगभग एक महीने पहले अपनी मां शिवानी के साथ नाना हरेंद्र यादव के घर आया था।

सुबह-सुबह काल बनकर आई मिल्क वैन
बता दें कि मृतक मासूम के नाना हरेंद्र यादव के घर पर संचालित होने वाली दुग्ध डेयरी पर रोज की तरह एक मिल्क वैन दूध लेने पहुंची थी। दूध लोड करने के बाद जैसे ही चालक ने वाहन को वापस ले जाने के लिए आगे बढ़ाया, अचानक नन्हा रियांश उस भारी-भरकम वाहन की चपेट में आ गया। पहिये के नीचे आने से मासूम रियांश की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

परिजनों ने की ड्राइवर की जमकर पिटाई
हादसे के बाद वहां मौजूद परिजनों व स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया। क्षेत्रीय लेखपाल सत्येंद्र गंगवार ने हालात की गंभीरता को देखते हुए हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस से भिड़े परिजन, जीप से वापस खींच मासूम का शव
सूचना मिलते ही बबना चौकी इंचार्ज अभिलाष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन बेकाबू स्थिति को देखकर उन्होंने तुरंत थाने से अतिरिक्त फोर्स मंगवाई। इसके बाद अपराध निरीक्षक संजय कुमार राय भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। हंगामा तब और बढ़ गया जब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की कोशिश की। परिजनों ने पुलिस का कड़ा विरोध किया और मांग की कि जब तक बच्चे के पिता रोहित यादव मैनपुरी से नहीं आ जाते, शव को नहीं उठने दिया जाएगा। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस की जीप में रखे शव को दोबारा बाहर खींच लिया।

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने संभाली स्थिति
बता दें कि अपराध निरीक्षक संजय कुमार राय और पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए काफी देर तक आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। लंबी बहस और काफी मान-मनौव्वल के बाद पुलिस आखिरकार शव को दोबारा जीप में रखकर थाने ले जाने में सफल रही। पुलिस ने आरोपी चालक और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।



















