उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को जमीन पर मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में आवास विकास स्थित सपा जिला कार्यालय पर एक बड़े सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां भाजपा और अन्य दलों को छोड़कर आए दर्जनों प्रमुख नेताओं और युवाओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली।
“सौ में नब्बे शोषित हैं…” नारे के साथ सपा जिलाध्यक्ष ने भरी हुंकार
सपा के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में विपक्षी दलों से आए कार्यकर्ताओं का जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह ने नारा देते हुए कहा, “सौ में नब्बे शोषित हैं, शोषितों ने ललकारा है, धन-धरती और राजपाट पर नब्बे भाग हमारा है।” उन्होंने दावा किया कि समाज का हर वर्ग आज भाजपा सरकार से परेशान है और PDA आंदोलन अब एक सियासी आंधी बन चुका है, जो 2027 में सत्ताधारी दल के अहंकार को उड़ा देगा।
सपा का नया मिशन : ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ पर काम शुरू
जिला महासचिव इलियास मंसूरी और सदर विधानसभा प्रभारी पवन कठेरिया के प्रयासों से पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों को भरोसा दिलाया गया कि सपा परिवार में सबको पूरा मान-सम्मान मिलेगा। महासचिव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों से यह लड़ाई बिना बूथ जीते नहीं जीती जा सकती। इसलिए अब सभी कार्यकर्ताओं का एक ही लक्ष्य होना चाहिए— ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’।
इन प्रमुख चेहरों ने थामा सपा का दामन, अखिलेश यादव पर जताया भरोसा
सपा ज्वाइन करने वालों में मुख्य रूप से आदर्श सक्सेना, विशाल जाटव, अंशुल कुमार, नीरज कुमार जाटव, राजीव कुमार कठेरिया, रवि शर्मा, नितिन शर्मा, उत्कर्ष कटियार, रजत कठेरिया, प्रभु दयाल कठेरिया, प्रदीप श्रीवास्तव और धर्मेंद्र शाक्य समेत दर्जनों युवाओं ने ‘अबकी बार PDA सरकार’ के नारे के साथ अपनी आस्था जताई। इस दौरान, जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, रमेश चंद्र कठेरिया, शिव शंकर शर्मा, शिवम पटेल व राजपाल यादव एडवोकेट सहित कई वरिष्ठ सपाई मौजूद रहे।


















