सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। बता दें कि हादसा बंसी अड्डा के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप के ठीक सामने हुआ। जहां एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे पैदल जा रही बुजुर्ग महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।

दो साल पहले पिता को खोया, अब मां की मौत से बेटा-बेटी बेसहारा
सड़क हादसे का शिकार हुई घायल महिला की पहचान गांव मुजहा निवासी लज्जावती के रूप में हुई है, जो कि स्वर्गीय सुरेंद्र की पत्नी थीं। परिजनों अपनी जानकारी देते हुए बताया कि मृतका लज्जावती सोमवार को अमृतपुर के सरकारी अस्पताल में अपनी दवा लेने के लिए आई थीं। दवा लेकर वापस लौटते समय अमृतपुर की ओर से आ रही अनियंत्रित बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। मृतका के परिवार में उनका 32 वर्षीय बेटा विनोद है, जो खेती-बाड़ी करता है, जबकि बेटी मीना की शादी हो चुकी है। करीब दो साल पहले ही लज्जावती के पति सुरेंद्र का भी निधन हो चुका था। अब मां की अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया है।

लोहिया अस्पताल रेफर होने के बाद थमी सांसें, पुलिस ने बाइक को लिया कब्जे में
हादसे की खबर मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस बुलाकर खून से लथपथ महिला को पहले राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां महिला की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल लोहिया के लिए रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने लज्जावती को मृत घोषित कर दिया। अमृतपुर थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाली बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, उपनिरीक्षक खूबेलाल को शव के पोस्टमार्टम की कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



















