फर्रुखाबाद : कायमगंज अस्पताल में मासूम बच्ची को 2 का सिक्का थमाकर चुरा ली चांदी की पायल, रंगे हाथों पकड़ी गई शातिर महिला

शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में इलाज कराने आई एक साल की मासूम बच्ची की चांदी की पायल एक शातिर महिला ने बड़ी ही सफाई से पार कर दी। बता दें कि जब अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी महिला ने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया, लेकिन उसकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह लोगों की नजरों में आ गई।

कायमगंज
कायमगंज

2 रुपए का लालच और शातिराना अंदाज

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव विजयदेपुर निवासी मीनू अपनी एक वर्षीय बेटी का इलाज कराने CHC आई थीं। डॉक्टर को दिखाने के बाद मीनू पर्चा काउंटर पर दवा लेने के लिए लाइन में लगी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला उनकी बच्ची के पास आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला ने बच्ची को बहलाने के लिए उसे दो रुपए का सिक्का दिया। जब बच्ची सिक्के के साथ खेलने में व्यस्त हो गई, तो महिला ने बड़ी ही चालाकी से उसके पैर से चांदी की पायल उतार ली और वहां से खिसकने लगी।

मां की सतर्कता से दबोची गई आरोपी

कुछ ही देर बाद जब मीनू की नजर अपनी बेटी के पैरों पर पड़ी, तो वह दंग रह गई। पायल गायब देख उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और संदिग्ध महिला की तलाश शुरू की। शक होने पर अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर एक महिला को रोका गया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से मासूम की चोरी हुई पायल बरामद हो गई। गुस्साए लोगों ने तुरंत आरोपी महिला को पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

कायमगंज
कायमगंज

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, कानूनी कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी अंकुर भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला मीनू वर्तमान में अपने मायके कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव हंसापुर गौराई में रह रही हैं। पुलिस अधिकारी अंकुर भाटी ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें