मंगलवार रात जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज कस्बे के मोहल्ला किदवई नगर ममें एक घर में शहनाइयां बज रही थीं, लेकिन अचानक वहां चीख-पुकार मच गई। दरअसल, दूल्हे पवन कुमार की बारात निकलने वाली थी और उसकी 70 वर्षीय मां रेशमा देवी ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी से नाच रही थीं। नाचते-नाचते वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। इस मंजर को देख शादी की खुशियां पल भर में सन्नाटे में बदल गईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुआ निधन
जैसे ही रेशमा देवी बेहोश हुईं, परिजन उन्हें आनन-फानन में दूल्हे की ही कार से लेकर कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचे। वहां तैनात डॉक्टर विकास पटेल ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। इस खबर ने शादी वाले घर के साथ-साथ पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया।
आंसुओं के बीच हुई विदाई और अंतिम संस्कार
माँ के निधन के बाद घर में कोहराम मच गया, लेकिन रस्मों और सामाजिक मर्यादाओं के चलते बारात को देर रात करीब 10 बजे कन्नौज के लिए रवाना किया गया। दूल्हे के साथ परिवार के गिने-चुने सदस्य ही गए। बुधवार सुबह करीब 4 बजे दूल्हा पवन कुमार अपनी दुल्हन प्रियंका को विदा कराकर घर लौटा। इसके तुरंत बाद रेशमा देवी के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई और सुबह 10 बजे कमालगंज के चाचूपुर घाट पर गमगीन माहौल में उन्हें मुखाग्नि दी गई।



















