सोमवार को जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव जीरागौर में बिजली ठीक करने गए एक संविदा लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान फतेहपुर राव साहब निवासी सुशील के रूप में हुई है। बता दें कि सुशील खंभे पर चढ़कर बिजली ठीक कर रहे थे, तभी अचानक लाइन में करंट आ गया और वह बुरी तरह झुलस गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थमी सांसें
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद साथी कर्मचारियों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में सुशील को नीचे उतारा और तुरंत कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विकास पटेल ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

डेढ़ महीने पहले ही हुई थी शादी, पिता का साया पहले ही उठ चुका था
सुशील अपने परिवार के इकलौते सहारा और सबसे बड़े बेटा था। उनके छोटे भाई आशीष और बहन मोनिका का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि सुशील के पिता का निधन कुछ साल पहले ही हो गया था, जिसके बाद पूरे घर की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। अभी बीते 19 मार्च को ही सुशील की शादी कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र की रहने वाली संतोषी के साथ हुई थी। शादी की खुशियां अभी घर से गई भी नहीं थी कि इस हादसे ने हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई और गांव में मातम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है कि आखिर शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट कैसे आया।



















