जनपद फर्रुखाबाद से रिश्तों को तार तार कर देने वाला मामला सामने आया है जहां जमीन के कुछ टुकड़े के लिए बेटों ने पिता की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अर्रापहाडपुर का है।

4 बीघा जमीन बनी विवाद की जड़
बता दें कि गांव अर्रापहाडपुर निवासी वरिष्ठ नागरिक रामसनेही पाल (70 वर्षीय) अपने बेटों ओमकार व अनिल के चाल व चरित्र से काफी परेशान थे। जिसके कारण उन्होंने सड़क किनारे की 4 बीघा जमीन अपने भतीजों के नाम कर दी। सोमवार की देर रात नाराज कलयुगी बेटों ने घर में सो रहे पिता की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। भतीजे विजय पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उसके चाचा की हत्या उनके ही पुत्रों ओमकार और विजय ने कर दी है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर
वरिष्ठ नागरिक की हत्या की सूचना पर क्षेत्राधिकार अजय वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इधर सूचना पर पहुंची फोरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस ने दी जानकारी
क्षेत्राधिकार अजय कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बुजुर्ग की हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई थी। हत्या के आरोपी एक बेटों ओमकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं दूसरा बेटा अनिल वारदात के बाद मौके से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें में लगा दी गई है।



















